कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा, दिल्ली में 42 तो कोलकाता में 53.50 रुपये बढ़े दाम
महीने के पहले दिन कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं को महंगाई का झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 42 रुपये महंगा होकर 3,113.50 रुपये का हो गया है, जबकि कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3,255.50 रुपये पहुंच गई है।
इसके साथ ही 5 किलोग्राम वाले छोटे एफटीएल (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया है। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
आज से लागू हुई नई कीमतें
तेल कंपनियों की ओर से जारी संशोधित दरें 1 जून से प्रभावी हो गई हैं। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं 5 किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर का दाम 821.50 रुपये पहुंच गया है।
कोलकाता में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 53.50 रुपये बढ़ने के बाद 3,255.50 रुपये हो गई है। कमर्शियल एलपीजी का इस्तेमाल होटल, रेस्तरां, ढाबों, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बड़े पैमाने पर होता है। ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी का असर खाने-पीने की वस्तुओं और सेवाओं की लागत पर भी पड़ सकता है।
पेट्रोल, डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती
एलपीजी कीमतों में बढ़ोतरी के बीच केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर लगने वाली ड्यूटी में कटौती की है। सरकार ने पेट्रोल पर विंडफॉल गेन टैक्स को घटाकर 1.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। वहीं डीजल पर यह शुल्क 13.50 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ पर 9.50 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर सड़क एवं अवसंरचना उपकर (Road and Infrastructure Cess) शून्य रहेगा। हालांकि घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल पर लागू करों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब कारोबारियों की परिचालन लागत पहले से ही बढ़ी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह रुझान जारी रहा तो होटल और रेस्तरां उद्योग में कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।
Comments are closed.