पाकिस्तान में बाढ़ से भारी तबाही, अब तक 299 लोगों की मौत, राहत अभियान जारी
पाकिस्तान में जून के अंत से शुरू हुई मूसलधार बारिश और बाढ़ ने अब तक 299 लोगों की जान ले ली है, जिनमें 140 बच्चे शामिल हैं। बाढ़ से 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं और हजारों परिवारों को विस्थापन का सामना करना पड़ा है। यह जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने दी है। NDMA के अनुसार, 26 जून से जारी मौसम की मार ने देशभर में तबाही मचाई है, खासकर ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में हालात बेहद गंभीर हैं।
घर-मवेशी तबाह, बुनियादी ढांचे को नुकसान
NDMA की रिपोर्ट के मुताबिक, बाढ़ के कारण 1,676 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं — इनमें से 562 पूरी तरह ढह गए जबकि 1,114 आंशिक रूप से टूटे हैं। इसके अलावा, 400 से अधिक मवेशियों की मौत भी दर्ज की गई है।
बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य
आपदा प्राधिकरण ने 223 राहत और बचाव अभियान चलाए हैं, जिनमें 2,880 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अब तक 13,400 से अधिक राहत सामग्री वितरित की जा चुकी है, जिसमें टेंट, कंबल, गद्दे और खाद्य पैकेट शामिल हैं।
आगे भी खतरे की आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 से 6 अगस्त के बीच देश के उत्तरी इलाकों में और बारिश हो सकती है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है। प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत अभियान लगातार जारी हैं।
Comments are closed.