इंडोनेशिया में शक्तिशाली भूकंप से 47 मौतें, सुनामी का खतरा बरकरार

0

इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, 47 की मौत; तटीय इलाकों पर सुनामी का खतरा

इंडोनेशिया में शनिवार सुबह आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। भूकंप के झटकों में कम से कम 47 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई इमारतें ढह गईं और सैकड़ों भवनों में दरारें पड़ने या नुकसान की सूचना है।

भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लगातार आफ्टरशॉक्स महसूस किए जा रहे हैं। तटीय इलाकों में करीब एक मीटर तक ऊंची समुद्री लहरें किनारे तक पहुंची हैं। हालांकि अभी इनसे बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन सुनामी का खतरा पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

मौमेरे में सबसे ज्यादा तबाही

बंदरगाह शहर मौमेरे भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां 20 लोगों की मौत हुई है, छह लोग घायल हैं और दो लोगों के मलबे में फंसे होने की सूचना है। स्थानीय स्तर पर क्षतिग्रस्त इमारतों से लोगों को निकालने का अभियान जारी है।

इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख सुहारयांतो ने बताया कि करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि मलबे में कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।

भूस्खलन और टूटी सड़कों से राहत कार्य प्रभावित

भूकंप के झटकों से कई जगह भूस्खलन हुआ और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे बचाव दलों के लिए दूरदराज के प्रभावित इलाकों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। ऐसे क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के जरिए राहत एवं बचाव दल भेजने की कोशिश की जा रही है।

नागेकेओ में भी बड़ी संख्या में मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रशासन ने यहां से करीब 2,000 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। आफ्टरशॉक्स जारी रहने के कारण बचाव अभियान में भी मुश्किलें आ रही हैं।

अस्पतालों में घायलों की संख्या बढ़ी

भूकंप प्रभावित इलाकों के अस्पताल घायलों से भर गए हैं। अतिरिक्त दबाव को देखते हुए कुछ मरीजों को नजदीकी क्षेत्रों के अस्पतालों में स्थानांतरित किया जा रहा है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य और स्थिति की निगरानी कर रहा है। गौरतलब है कि इसी इलाके में 1992 में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था। मौजूदा भूकंप के बाद तटीय इलाकों में सुनामी के संभावित खतरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

Comments are closed.