ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाने की ट्रंप की योजना पर अमेरिकी सीनेट की रोक, रिपब्लिकन सांसदों ने भी जताया विरोध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ब्राजील पर 50 प्रतिशत टैरिफ थोपने की योजना में बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन, सीनेट, ने मंगलवार को इस प्रस्ताव को 48 के मुकाबले 52 वोटों से खारिज कर दिया। यह फैसला ट्रंप प्रशासन की व्यापार नीतियों के खिलाफ बढ़ते असंतोष को दर्शाता है।
रिपब्लिकन सांसदों ने भी किया विरोध
मतदान के दौरान ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के पांच सीनेटर—टाम टिलिस, सुसैन कोलिंस, लिसा मर्कोव्स्की, मिच मैककोनेल और रैंड पाल—ने भी डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर इस प्रस्ताव के खिलाफ वोट डाला। यह ट्रंप के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
आपात शक्तियों का दुरुपयोग बताया गया
सीनेटर रैंड पाल ने कहा, “आपातकाल युद्ध, अकाल या प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों के लिए होता है। टैरिफ नीति में इसे लागू करना आपात शक्तियों का दुरुपयोग है।”
ट्रंप ने जुलाई में राष्ट्रीय आपात शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ब्राजील से आने वाले उत्पादों पर 50 प्रतिशत आयात शुल्क लगाने की घोषणा की थी। उनका दावा था कि यह कदम ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के प्रति “अनुचित व्यवहार” के जवाब में उठाया गया है।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, सीनेट का यह कदम न केवल ट्रंप की व्यापार नीतियों पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि रिपब्लिकन पार्टी के भीतर भी उनके फैसलों को लेकर असहमति बढ़ रही है।
Comments are closed.