अहमदाबाद विमान हादसा: पीएम मोदी ने घटनास्थल का लिया जायजा, अस्पताल में घायलों से मिले।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद विमान हादसे के बाद घटनास्थल का दौरा किया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद वे शहर के सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पीएम मोदी इस हादसे को लेकर एक समीक्षा बैठक भी करेंगे, जिसमें अब तक की स्थिति और राहत अभियानों की जानकारी लेंगे।
अब तक नहीं मिली मृतकों की आधिकारिक संख्या
एयर इंडिया की उड़ान एआई-171, जो बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान था, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हादसे का शिकार हुआ। विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कई घंटे बाद तक मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें दो पायलट और 10 चालक दल के सदस्य शामिल थे। एयर इंडिया द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 230 यात्रियों में से 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे।
Comments are closed.