उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर: राजस्थान में पारा 49.4°C पार, यूपी में 17 मौतें, कई राज्यों में अलर्ट।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शुक्रवार को देशभर में 22 शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 49.4°C पहुंच गया — यह इस सीज़न का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी से 17 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के कानपुर और आसपास के जिलों में भीषण गर्मी से 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इनमें से कई शव सड़कों, रेलवे स्टेशन परिसर और खुले स्थानों पर मिले हैं। आगरा, झांसी, बांदा, लखनऊ समेत कई शहरों में पारा 44 डिग्री से ऊपर रहा। यूपी के 11 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
रामपुर और अंबेडकरनगर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई, जिनमें एक महिला और एक बच्ची भी शामिल हैं।
पंजाब-हरियाणा में लू और फिर आंधी-बारिश
पंजाब में भी गर्मी से दो लोगों की जान चली गई। हालांकि शाम को तेज़ हवाओं और हल्की बारिश से कुछ राहत मिली। बठिंडा में अधिकतम तापमान 46°C और हरियाणा के सिरसा में 47.6°C दर्ज किया गया।
दिल्ली और मध्य प्रदेश में गर्मी से हाल बेहाल
दिल्ली में तापमान 42 डिग्री तक पहुंचा, जबकि ‘फील-लाइक’ तापमान यानी शरीर पर असर डालने वाली गर्मी 50.3°C मापी गई। मध्य प्रदेश के खजुराहो, नरमदापुरम और ग्वालियर में भी तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज हुआ।
उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश से राहत, लेकिन नुकसान भी
उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हुईं। हरिद्वार और पिथौरागढ़ जिलों में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई। भारी बारिश के चलते कोटद्वार में रेलवे ट्रैक बाधित रहा और आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर दो सौ से ज्यादा यात्री घंटों तक फंसे रहे।
हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। शिमला, मंडी, कुल्लू, ऊना समेत कई जिलों में वर्षा दर्ज की गई, जबकि रोहतांग, कुंजुम और बारालाचा दर्रों में हिमपात हुआ।
आईएमडी का पूर्वानुमान: राहत की उम्मीद नहीं
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत में हीटवेव की स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Comments are closed.