भोपाल में दिल दहला देने वाली वारदात: शक में प्रेमिका की गला दबाकर हत्या, आरोपी दो दिन तक शव के पास रहा
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 29 वर्षीय रितिका सिंह की उसके लिव-इन पार्टनर सचिन राजपूत ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कमरे में ही रखा और दो दिनों तक उसी के पास रहा, जैसे कुछ हुआ ही न हो।
यह घटना बजरिया थाना क्षेत्र के गायत्री नगर, कररिया फार्म इलाके में 27 जून की रात हुई। पुलिस के अनुसार, रितिका एक निजी फर्म में कार्यरत थीं, जबकि सचिन बेरोजगार था और उसे रितिका पर अपने बॉस के साथ संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते दोनों के बीच बहस हुई, जो हत्या में बदल गई।
हत्या के बाद आरोपी ने रितिका के शव को कंबल और चादर में लपेटकर बेड पर रखा और उसी कमरे में शराब पीता रहा। पुलिस का कहना है कि सचिन पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है।
दोस्त को बताई थी हत्या की बात
रविवार को सचिन ने अपने दोस्त अनुज को शराब के नशे में हत्या की बात बताई थी, लेकिन दोस्त ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। अगले दिन जब सचिन ने दोबारा वही बात कही, तो अनुज ने शाम 5 बजे डायल-100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा खोलते ही कंबल में लिपटा रितिका का शव बरामद हुआ। पूछताछ में सचिन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
साढ़े तीन साल से थे लिव-इन रिलेशनशिप में
थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि रितिका और सचिन पिछले साढ़े तीन वर्षों से लिव-इन में रह रहे थे। दोनों मूल रूप से विदिशा जिले के सिरोंज के रहने वाले हैं और पिछले 9-10 महीनों से भोपाल में इस घर में रह रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आईपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की जांच जारी है।
Comments are closed.