दलाई लामा आज कर सकते हैं पुनर्जन्म प्रक्रिया पर घोषणा, धर्मशाला में वरिष्ठ भिक्षुओं संग अहम बैठक
तिब्बती बौद्धों के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा बुधवार, 3 जुलाई को अपने उत्तराधिकारी से संबंधित बड़ी घोषणा कर सकते हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आज सुबह धर्मशाला में वे 11 वरिष्ठ भिक्षुओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें उनके उत्तराधिकारी यानी 15वें दलाई लामा के चयन या पुनर्जन्म प्रक्रिया को लेकर चर्चा संभव है। बैठक के बाद दलाई लामा द्वारा एक लिखित बयान जारी किए जाने की संभावना है।
तिब्बती बौद्ध परंपरा के अनुसार, दलाई लामा का पुनर्जन्म उनकी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए होता है। मौजूदा दलाई लामा, तेनजिन ग्यात्सो, 14वें अवतार हैं और रविवार को 90 वर्ष के हो जाएंगे। लंबे समय से माना जा रहा था कि अपने 90वें जन्मदिवस से पहले वे अपने उत्तराधिकारी की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता प्रदान कर सकते हैं।
इस प्रक्रिया पर चीन की भी कड़ी नजर है, क्योंकि बीजिंग तिब्बत पर अपने नियंत्रण के तहत दलाई लामा की नियुक्ति में हस्तक्षेप का इच्छुक रहा है। ऐसे में धर्मशाला में होने वाली यह बैठक न सिर्फ धार्मिक बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Comments are closed.