ट्रंप ने बेघरों को अपमानित करते हुए कहा- जल्द राजधानी से हटाएंगे

2

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में कानून व्यवस्था सुधारने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाते हुए डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया होम रूल एक्ट लागू किया है, जिससे वे अस्थायी रूप से डीसी मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग का नियंत्रण संभाल सकेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने नेशनल गार्ड के सैनिकों को शहर में तैनात किया है ताकि ‘कानून, व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा’ को बहाल किया जा सके। ट्रंप ने कहा है कि उन्हें बिना किसी बाधा के अपने कर्तव्य निभाने की अनुमति दी जाएगी।

ट्रंप ने राजधानी को ‘हिंसक गिरोहों और अपराधियों के कब्जे वाला’ बताया और कहा कि वे बेघर लोगों को तुरंत राजधानी से बाहर भेजेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेघर लोगों को रहने के लिए दूसरी जगह दी जाएगी, लेकिन अपराधियों को जेल में डालने से कोई नहीं रोक पाएगा। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने कहा, “कोई ‘मिस्टर नाइस गाइ’ नहीं होगा, हमें अपनी राजधानी वापस चाहिए।”

इस कदम का स्थानीय अधिकारियों ने विरोध जताया है। वाशिंगटन के मेयर म्यूरियल बोसर ने कहा है कि शहर में अपराध में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। ट्रंप ने पहले भी फेडरल कानून प्रवर्तन एजेंसियों को डीसी की सड़कों पर तैनात करने का आदेश दिया था और बेघर लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है।

ट्रंप का यह फैसला इमरजेंसी पावर के तहत लिया गया है, जो उन्हें पुलिस विभाग पर अस्थायी नियंत्रण देता है। उनका मकसद राजधानी को ‘पहले से अधिक सुरक्षित और बेहतर’ बनाना है, लेकिन यह कदम विवादों में भी फंसा हुआ है क्योंकि यह डीसी की राजनीतिक स्वायत्तता को चुनौती देता है।

Comments are closed.