कठुआ में बादल फटने से मची तबाही, कई लोगों के हताहत होने की खबर

3

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के एक दूरदराज गांव में बादल फटने से भारी तबाही मच गई है। इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता बताए जा रहे हैं।

घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात राजबाग इलाके के जोड घाटी गांव में हुई। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य में जुटी है। अब तक चार शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसके अलावा, कठुआ थाना क्षेत्र के बगड़ और चंगड़ा गांव तथा लखनपुर थाना क्षेत्र के दिलवां-हुटली में भूस्खलन की घटनाएं भी दर्ज हुईं, हालांकि इनमें किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। भारी बारिश से जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और उझ नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जलाशयों से दूर रहने की अपील की है।

Comments are closed.