भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष मिशन पूरा कर पहली बार भारत लौट आए हैं।
रविवार तड़के 2:01 बजे वह कतर एयरलाइंस की फ्लाइट QTR 578 से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और ISRO प्रमुख वी. नारायणन ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर शुभांशु का परिवार भी मौजूद था।
एयरपोर्ट से बाहर आते ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के बीच ढोल-नगाड़ों और नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
जितेंद्र सिंह ने इसे “भारत के लिए गौरव का क्षण” बताया और कहा कि भारत का अंतरिक्ष गौरव अब धरती पर लौट आया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शुभांशु के साथ गगनयान मिशन के लिए चुने गए ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी भारत के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर 18 दिन बिताने वाले शुभांशु ने भारत लौटने से पहले सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि ISS पर अपने साथियों से विदाई कठिन थी, लेकिन जीवन में आगे बढ़ना ही पड़ता है। अपने अनुभव को देशवासियों के साथ साझा करने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद शुभांशु अपने गृह नगर लखनऊ जाएंगे। वहां उनके सम्मान में स्कूल और स्थानीय संगठनों की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 25 अगस्त को उनके स्कूल सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में भव्य परेड की योजना है।
इस बीच, 22-23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में शुभांशु शुक्ला की विशेष भूमिका रहेगी। वहीं, संसद में भी “विकसित भारत-2047” लक्ष्य के तहत अंतरिक्ष कार्यक्रमों पर विशेष चर्चा होगी, जिसमें उनके मिशन का जिक्र होने की संभावना है।
शुभांशु की वापसी को लेकर पूरे देश में गर्व और उत्साह का माहौल है।
Comments are closed.