गुरुग्राम हाल के दिनों में लगातार हमलों और फायरिंग की घटनाओं से दहशत में है।
खास तौर पर शोबिज और म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े बड़े नाम अपराधियों के निशाने पर आ रहे हैं। बीते तीन महीनों में हुई तीन बड़ी वारदातों ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मई में हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के करीबी फाइनेंसर रोहित शोकीन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में इस वारदात के पीछे बिश्नोई गैंग का हाथ सामने आया था। इसके बाद जून में सेक्टर-86 स्थित राहुल फाजिलपुरिया के फार्महाउस पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। हालांकि, वे और उनका परिवार इस हमले में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने इस हमले के लिए आशीष मोहन गैंग को जिम्मेदार माना था।
अब ताजा घटना में बिग बॉस ओटीटी विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर को निशाना बनाया गया। रविवार तड़के दो बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर पर गोलियां बरसाईं और फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। हमले के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शुरुआती जांच में गैंगवार या रंगदारी की आशंका जताई है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब बड़े नाम और चर्चित चेहरे सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। गुरुग्राम पुलिस ने हालांकि सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए गैंगस्टर्स पर कार्रवाई शुरू करने का दावा किया है और अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Comments are closed.