जम्मू संभाग में भारी तबाही: वैष्णो देवी मार्ग पर भूस्खलन, डोडा में बादल फटना; 13 की मौत
जम्मू संभाग में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को श्री माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग के अर्धकुंवारी क्षेत्र में भूस्खलन और डोडा जिले में बादल फटने से कुल 13 लोगों की मौत हो गई। इसमें नौ श्रद्धालु कटरा में और चार लोग डोडा में मारे गए। भूस्खलन में 22 श्रद्धालु घायल भी हुए हैं।
लगातार बारिश से जम्मू का सड़क और रेल संपर्क कट गया है। कठुआ और विजयपुर में पुल क्षतिग्रस्त होने से जम्मू-पठानकोट हाईवे बंद है। रेलवे ट्रैक को नुकसान और चक्की खड्ड पुल पर खतरे के चलते जम्मू से आने-जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। हवाई सेवा भी प्रभावित हुई है।
- जम्मू में इस बार 1926 के बाद सबसे ज्यादा 248 मिमी बारिश दर्ज की गई। तवी, चिनाब और उज्ज सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
- भूस्खलन के बाद श्राइन बोर्ड ने यात्रा को बुधवार दोपहर तक रोक दिया है। वहीं डोडा के कई इलाकों में मकानों को नुकसान हुआ और पुल बंद करने पड़े।
प्रशासन ने जम्मू संभाग के सभी स्कूल और कॉलेज आज बंद रखने का आदेश दिया है। केंद्र सरकार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम कटरा भेजी है। गृहमंत्री अमित शाह ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात कर हालात पर चिंता जताई और राहत कार्यों की समीक्षा की।
Comments are closed.