IND vs PAK: पाकिस्तान को हराने के बाद कप्तान सूर्यकुमार का संदेश – “हम पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के परिजनों के साथ हैं”
एशिया कप 2025 का बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर दिखा दिया कि सफेद गेंद के क्रिकेट में उसका दबदबा कायम है।
भारत की दमदार शुरुआत
पाकिस्तान से मिले 128 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तूफानी आगाज किया। अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी की पहली ही दो गेंदों पर चौका और छक्का जमाकर मैच का रुख तय कर दिया। उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 31 रन बनाए। शुभमन गिल (10) और तिलक वर्मा (31) ने भी अहम योगदान दिया।
सूर्या की कप्तानी पारी
तिलक और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए 37 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए और छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। उनके साथ शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत ने 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
गेंदबाजों का जलवा
इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती झटके दिए, जिसके बाद स्पिन तिकड़ी – कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल – ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए। अक्षर पटेल ने 2, बुमराह ने 2, वरुण ने 1 और हार्दिक पांड्या ने भी 1 विकेट चटकाया।
पाकिस्तान की ओर से साहिबज़ादा फरहान ने 40 रन बनाए, जबकि नौंवें नंबर पर आए शाहीन अफरीदी ने 16 गेंदों पर 33 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन तक पहुंच सका, वरना स्कोर और भी छोटा होता।
जीत समर्पित सेना को
मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि यह जीत भारतीय सेना और पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को समर्पित है। उन्होंने कहा, “हम सभी विरोधियों के लिए समान तैयारी करते हैं, लेकिन इस जीत को देश के जवानों और शहीदों के परिवारों को समर्पित करना हमारे लिए गर्व की बात है।”
Comments are closed.