तीन हफ्ते बाद फिर गूंजे जयकारे, वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू
तीन सप्ताह के इंतजार के बाद माता वैष्णो देवी धाम एक बार फिर श्रद्धालुओं के “जय माता दी” के नारों से गूंज उठा। लैंडस्लाइड की वजह से 26 अगस्त को स्थगित हुई यात्रा बुधवार, 17 सितंबर से पुनः शुरू हो गई है। हादसे में 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हुए थे।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यात्रा शुरू होने की घोषणा की और भक्तों से आधिकारिक स्रोतों से जानकारी लेने की अपील की।
यात्रा शुरू करने का फैसला ऐसे समय लिया गया जब हाल ही में श्रद्धालुओं ने कटरा आधार शिविर पर प्रदर्शन कर यात्रा बहाल करने की मांग की थी। पहले 14 सितंबर को यात्रा बहाल करने की योजना बनी थी, लेकिन लगातार बारिश के चलते इसे टाल दिया गया।
अब गुफा मंदिर के मार्ग की मरम्मत का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है और सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। यात्रा दोबारा शुरू होने से भक्त उत्साह के साथ माता के दरबार की ओर रवाना हो रहे हैं।
Comments are closed.