फ्रांस में बजट कटौती के खिलाफ हड़ताल, एफिल टावर बंद।
फ्रांस में अगले साल के बजट में प्रस्तावित भारी कटौती के खिलाफ गुरुवार को ट्रेड यूनियनों की हड़ताल में 85,000 से अधिक लोग सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने कई शहरों में मार्च निकाला, जिसमें शिक्षक, स्वास्थ्य कर्मचारी और अन्य सार्वजनिक सेवा कर्मचारी शामिल थे। इस कारण एफिल टावर को भी अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
ट्रेड यूनियन नेता राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू पर दबाव बना रहे हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक सेवाओं पर खर्च बढ़ाया जाए, सेवानिवृत्ति की आयु में वृद्धि वापस ली जाए और अमीरों पर अधिक कर लगाया जाए। फ्रांस के सबसे बड़े संघ CFDT और कट्टरपंथी CGT के नेता इस हड़ताल में शामिल हैं। CGT महासचिव सोफी बिनेट ने कहा, “बजट में श्रमिकों से जुड़े सभी कटौतियों को हमेशा के लिए खत्म करना होगा।”
बजट कटौती और विरोध प्रदर्शन
पूर्व प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरू को 44 अरब यूरो के बजट में कटौती की योजना के चलते पद से हटाया गया था। गुरुवार के प्रदर्शन में सड़कों पर उतरे लोगों की संख्या पिछली हड़तालों के मुकाबले कम रही। नैनटेस में प्रदर्शनकारी डोमिनिक मेनियर ने कहा, “हमें लड़ाई जारी रखनी होगी। लोकतंत्र आमतौर पर इसी तरह आगे बढ़ता है।”
CGT यूनियन ने बताया कि फ्रांस के 240 से अधिक शहरों में प्रदर्शन आयोजित किए गए, जिनमें डिजान, मेट्ज़, पोइटियर्स और मोंटपेलियर शामिल हैं। सुरक्षा बनाए रखने के लिए 76,000 पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया था।
Comments are closed.