तेल की कीमतों पर भड़की हिंसा: इक्वाडोर के राष्ट्रपति पर जानलेवा हमला

1

इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ पर बुधवार को उस समय हमला हुआ जब वे देश के मध्य हिस्से में एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन कर रहे थे।

तेल की बढ़ती कीमतों के विरोध में प्रदर्शन कर रही भीड़ ने अचानक उनके काफिले पर पथराव कर दिया और कथित तौर पर गोलियां भी चलाईं। सरकार द्वारा जारी वीडियो में राष्ट्रपति की गाड़ी पर पथराव के दृश्य दिखाई दे रहे हैं, जबकि पर्यावरण मंत्री इनेस मंजानो ने कहा कि वाहन पर गोलियों के निशान भी मिले हैं। सौभाग्य से नोबोआ को कोई चोट नहीं आई।

अधिकारियों के अनुसार, करीब 500 प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के काफिले को रोकने की कोशिश की। वीडियो में लोगों को झंडे लहराते, सड़क पर दौड़ते और पत्थर उठाते देखा जा सकता है। सुरक्षा बलों ने हालात काबू में करने के बाद पांच लोगों को हिरासत में लिया है। जांच अभी जारी है कि क्या गोली वास्तव में राष्ट्रपति की गाड़ी पर चली थी या नहीं।

यह हमला उस समय हुआ है जब सरकार द्वारा डीजल सब्सिडी में कटौती और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के फैसले के खिलाफ देशभर में हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे हैं। सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं, कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ है और हालिया झड़पों में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि दर्जनों घायल हुए हैं।

राष्ट्रपति नोबोआ, जिन्होंने हाल ही में फिर से चुनाव जीता है, का कहना है कि ईंधन सब्सिडी घटाने से सरकार लगभग 1 अरब डॉलर की बचत करेगी, जिससे अर्थव्यवस्था को स्थिर किया जा सकेगा। हालांकि, जनता का गुस्सा कम होता नहीं दिख रहा।

कभी लैटिन अमेरिका के सबसे शांत देशों में गिने जाने वाला इक्वाडोर अब बढ़ती हिंसा, अपराध और राजनीतिक अस्थिरता से जूझ रहा है। कोलंबिया और पेरू जैसे दो बड़े कोकीन उत्पादक देशों के बीच स्थित यह देश अब ड्रग तस्करों के लिए एक अहम ट्रांजिट हब बन गया है। सरकार का मानना है कि आपराधिक गिरोह जनता के असंतोष का फायदा उठाकर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

Comments are closed.