राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में पिछले दो दिनों से जारी रुक-रुक कर बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। लगातार हो रही झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को भी हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है, हालांकि फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
दिल्ली में तापमान में गिरावट, लेकिन जल्द लौटेगी गर्मी
मौसम विभाग ने बताया कि 7 अक्टूबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) में भी कमी आई है। 8 और 9 अक्टूबर को बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश की तीव्रता घटेगी। इसके बाद 9 अक्टूबर से मौसम साफ हो जाएगा और तापमान धीरे-धीरे 31 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
दिल्ली-NCR के कई इलाकों में भारी बारिश
बीते 24 घंटों में दिल्ली के मुंडका, जाफरपुर, नजफगढ़ समेत हरियाणा के गुरुग्राम, मानेसर, बहादुरगढ़, कैथल और चरखी दादरी में तेज बारिश दर्ज की गई। इस बारिश ने लोगों को राहत तो दी है, लेकिन कई जगहों पर जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर अब भी जारी
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश का दौर 5 अक्टूबर से शुरू हुआ था और इसका असर 8 अक्टूबर तक जारी रह सकता है। इसके बाद, मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होंगी। अगले 3-4 दिनों में गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के लौटने की संभावना है।
देशभर का मौसम अपडेट
मौसम विभाग ने बताया कि प्रायद्वीपीय भारत में अगले पांच से छह दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में आज पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी वर्षा की संभावना है। पिछले 24 घंटों में ओडिशा, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। वहीं, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी खबरें हैं।
उत्तराखंड में सीजन की पहली बर्फबारी
मॉनसून के लौटने के बावजूद उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में सोमवार और मंगलवार को हिमपात हुआ, जिससे तापमान में तेज गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई है।
चक्रवात ‘शक्ति’ कमजोर पड़ा
अरब सागर में सक्रिय चक्रवात ‘शक्ति’ अब कमजोर होकर एक निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 12 घंटों में यह और कमजोर होकर पश्चिम-मध्य अरब सागर में सिमट जाएगा। इसके साथ ही मानसून की वापसी की प्रक्रिया तेज होने की संभावना है।
Comments are closed.