देशभर में गर्मी की विदाई शुरू हो चुकी है और गुलाबी ठंड का असर दिखने लगा है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। सुबह-शाम बाहर निकलते समय लोग अब ठंड का अनुभव कर रहे हैं और गर्म कपड़े पहनने लगे हैं।
दिल्ली-एनसीआर में गुलाबी ठंड
मध्य अक्टूबर में दिल्ली-एनसीआर में गुलाबी ठंड का असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने 12 अक्टूबर तक ठंडे मौसम का पूर्वानुमान पहले ही जारी किया था। फिलहाल यहां बारिश की संभावना नहीं है, और अगर यही रुख बना रहा तो दीवाली के बाद ठंड और बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड का असर
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर समाप्त हो चुका है। अयोध्या, आगरा, कानपुर, वाराणसी, मथुरा, गाजीपुर, बलिया, कुशीनगर और देवरिया जैसे जिलों में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह और शाम की ठंडी हवाओं के कारण हल्की ठंड का एहसास होगा।
बिहार में भी तापमान गिरा है और राज्य के किसी हिस्से में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का असर जारी रहेगा।
Comments are closed.