उत्तर भारत में अब सर्दी की आहट महसूस होने लगी है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, औली, हेमकुंड साहिब और मुनस्यारी जैसी जगहों पर लगातार हिमपात जारी है। इसके चलते पहाड़ों पर ठंड बढ़ गई है और लोग गर्म कपड़ों में नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में भी बर्फबारी के कारण ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि मनाली-लेह मार्ग बर्फ जमने से अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी तापमान में गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार को पहली बार न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जो सर्दियों की शुरुआत का संकेत है। रविवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से कुछ डिग्री कम था। आईएमडी के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को आसमान साफ रहेगा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
वहीं, दक्षिण भारत के केरल में बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती क्षेत्र के कारण राज्य में 11 से 15 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कई जिलों, खासतौर पर पत्तनमतिट्टा, इडुक्की, पालक्काड, मलप्पुरम और वायनाड में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। विभाग ने भूस्खलन और अचानक बाढ़ के खतरे को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
Comments are closed.