58 सैनिकों की मौत के बाद भड़का तालिबान: पाकिस्तान को दी सख्त चेतावनी — “अफगानिस्तान पर फिर हमला हुआ तो अंजाम भुगतना होगा”
पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा पर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। अफगान सेना की हालिया कार्रवाई में पाकिस्तान के 58 सैनिक मारे गए हैं, जबकि 30 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। यह झड़प बेहरामपुर जिले के पास हुई, जिसके बाद तालिबान ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी जारी की है। तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि “अफगानिस्तान की जमीन पर किए गए हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।”
मुजाहिद ने पाकिस्तान पर आईएसआईएस आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस्लामिक स्टेट के नेटवर्क को पाकिस्तान की सरजमीं पर पनपने दिया गया है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान अपनी धरती पर मौजूद आईएसआईएस के ठिकानों को खत्म करे या उन्हें अफगानिस्तान के हवाले करे। हमारे देश की सीमाओं और हवाई क्षेत्र की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, और हर हमले का जवाब हम देंगे।”
तालिबान के मुताबिक, अफगानिस्तान ने अपनी सीमाओं से अशांति फैलाने वाले सभी तत्वों को बाहर निकाल दिया है, लेकिन पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में अब नए प्रशिक्षण केंद्र सक्रिय हो गए हैं। मुजाहिद ने दावा किया कि “इन केंद्रों में भर्ती किए गए लड़ाकों को कराची और इस्लामाबाद एयरपोर्ट्स के जरिए लाया जाता है, जहां से अफगानिस्तान में हमलों की साजिश रची जाती है।”
तालिबान ने अफगान सेना की कार्रवाई को ‘रक्षा के लिए जरूरी कदम’ बताया है। मुजाहिद के अनुसार, झड़पों में अफगान सैनिकों को भी नुकसान हुआ है, लेकिन यह हमला अफगानिस्तान की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि “जो कोई भी हमारी जमीन या हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करेगा, उसे कठोर परिणाम भुगतने होंगे।”
Comments are closed.