“इंदौर में 24 किन्नरों ने एक साथ जहर खाया, कई की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी”

5

आपसी विवाद में 24 किन्नरों ने एक साथ पिया जहरीला पदार्थ, कई की हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

इंदौर के नंदलालपुरा इलाके में किन्नरों के बीच चल रहे लंबे समय से विवाद ने शनिवार को गंभीर मोड़ ले लिया, जब एक गुट के करीब 24 किन्नरों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी प्रभावितों को एम्बुलेंस से एमवाय अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

फिनायल पीने की आशंका, जांच जारी
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शुरुआती जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है, हालांकि जहरीले पदार्थ की सही पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।

अस्पताल में सभी की हालत स्थिर, प्रशासन सतर्क
सभी 24 किन्नर इस समय एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं। सीएमएचओ को निर्देश दिए गए हैं कि सभी का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है और चिकित्सकों की निगरानी में इलाज जारी है।

पुराना विवाद बना कारण?
बताया जा रहा है कि किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद पिछले कुछ समय से चल रहा था। कुछ सप्ताह पहले इसी विवाद से जुड़ा एक मामला भी सामने आया था, जिसमें दो मीडियाकर्मियों पर एक किन्नर के साथ गलत व्यवहार का आरोप लगा था। उस मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई थी, लेकिन एक वरिष्ठ अधिकारी के ट्रांसफर के बाद जांच धीमी पड़ गई थी।

प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड पर
घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौके पर एसडीएम प्रदीप सोनी, तहसीलदार, और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

पुलिस लेगी बयान, कारणों की तलाश
डीसीपी आनंद कलादगि ने बताया कि किन्नरों की हालत ठीक होने के बाद उनके बयान लिए जाएंगे, जिससे यह पता चल सके कि उन्होंने यह कदम क्यों उठाया और किसने उन्हें इसके लिए प्रेरित किया। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Comments are closed.