राहुल गांधी आज बिहार में चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में करेंगे रैलियां

5

बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में आज कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की औपचारिक एंट्री होने जा रही है।

राहुल गांधी बुधवार को महागठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में मुजफ्फरपुर और दरभंगा में चुनावी जनसभाएं करेंगे। उनके साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मंच साझा करेंगे। राहुल गांधी की पहली सभा मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र में होगी, जहां वे महागठबंधन प्रत्याशी उमेश राम के पक्ष में प्रचार करेंगे। इसके बाद वे दरभंगा जाएंगे, जहां वे राजद और गठबंधन के अन्य उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे।

इस बीच, मंगलवार को महागठबंधन ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसमें महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए कई वादे किए गए हैं। घोषणापत्र में कहा गया है कि सत्ता में आने पर गठबंधन महिलाओं के जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाने के लिए “माई-बहिन मान योजना” लागू करेगा, जिसके तहत हर महिला को प्रति माह ₹2,500 यानी सालाना ₹30,000 की सहायता दी जाएगी।

महिलाओं के लिए “बेटी हमारा अभिमान” और “माताओं के लिए सम्मान” जैसी योजनाओं की घोषणा भी की गई है। जीविका दीदियों को सरकारी कर्मचारियों के समान दर्जा देने और ₹30,000 मासिक भत्ता प्रदान करने का वादा किया गया है। स्वयं सहायता समूहों के लिए ब्याज-मुक्त ऋण और पहले से लिए गए ऋण पर ब्याज माफी की भी बात कही गई है।

घोषणापत्र में “महिला किसानों” को प्रति माह ₹2,000 की सहायता देने और कॉलेजों-विश्वविद्यालयों में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने की घोषणा की गई है। साथ ही, कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए शीत भंडारण नेटवर्क, नहरों के विस्तार, और बागवानी व औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देने की योजना का वादा किया गया है। किसानों को प्रतिदिन 18 घंटे सस्ती बिजली और डीजल पर सब्सिडी देने का भी वादा किया गया है।

Comments are closed.