तहरीक-ए-तालिबान की धमकी के बाद हाफिज सईद ने पाकिस्तान में रैली रद्द की

3

पाकिस्तान में लंबे समय से आतंक का जाल बुनने वाला लश्कर-ए-तैयबा सरगना हाफिज सईद इन दिनों तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के खौफ में जी रहा है।

स्थिति ऐसी हो गई है कि उसे अपनी ही रैली टालनी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लश्कर का एक आतंकी यह ऐलान करता नजर आ रहा है कि “अमीर-ए-मोहतर्म” यानी हाफिज सईद ने सुरक्षा कारणों से रैली आगे बढ़ाने का फैसला किया है।

लाहौर में होने वाली थी बड़ी रैली
सूत्रों के अनुसार, आईएसआई की निगरानी में 2 नवंबर को लाहौर के मिनार-ए-पाकिस्तान में हाफिज सईद की एक बड़ी रैली आयोजित की जानी थी। बताया गया कि इस कार्यक्रम में खुद हाफिज सईद के शामिल होने की योजना थी। लेकिन TTP की धमकियों के बाद लश्कर ने रैली स्थगित कर दी। नई तारीख की घोषणा अब तक नहीं की गई है।

पूरी तैयारी के बाद अचानक बदलाव
रैली की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई थीं। वायरल वीडियो में मंच और पोस्टर नजर आ रहे हैं, जिन पर ऑपरेशन ‘सिंदूर’ में मारे गए आतंकियों को “शहीद” के तौर पर दिखाया गया था। यह कार्यक्रम लश्कर की ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा था।

लेकिन तहरीक-ए-तालिबान की ओर से संभावित हमले की आशंका ने सारी योजना बदल दी। सुरक्षा एजेंसियों के सूत्र बताते हैं कि यह फैसला सीधे ISI और लश्कर के शीर्ष नेतृत्व ने मिलकर लिया, ताकि किसी बड़े हमले या टकराव से बचा जा सके।

कभी पाकिस्तान की सरजमीं पर खुलेआम आतंक की फैक्ट्री चलाने वाला हाफिज सईद अब उन्हीं आतंकी गुटों के डर से अपनी रैलियां टालने पर मजबूर है — यह इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान में आतंकी संगठनों के बीच तनाव और अविश्वास लगातार बढ़ रहा है।

Comments are closed.