आज से बंगाल, यूपी समेत 12 राज्यों में मतदाता सूची सत्यापन अभियान शुरू, घर-घर पहुंचेंगे BLO — 13 जरूरी दस्तावेज रखें तैयार
उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में आज से मतदाता सूची समीक्षा अभियान (SIR) शुरू हो गया है।
इस एक महीने चलने वाले अभियान के तहत 51 करोड़ मतदाताओं की जानकारी घर-घर जाकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) जुटाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, यह प्रक्रिया 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगी और मतदाता सूची को सटीक व अद्यतन करने के लिए की जा रही है।
बंगाल और तमिलनाडु में SIR को लेकर सियासी घमासान
बंगाल और तमिलनाडु में SIR को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। टीएमसी और डीएमके दोनों इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज कोलकाता में एक विरोध मार्च की अगुवाई करेंगी। वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि SIR का उद्देश्य “विपक्षी वोटरों को सूची से हटाना” है।
BLO की सुरक्षा पर सवाल
बंगाल में BLO के लिए सुरक्षा की मांग तेज हो गई है। जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि मतदाता सत्यापन के दौरान अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। टीएमसी विधायक के धमकी भरे वीडियो के बाद कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
चुनाव आयोग की टीम करेगी निगरानी
SIR प्रक्रिया की समीक्षा के लिए चुनाव आयोग की एक टीम 5 से 8 नवंबर के बीच पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों का दौरा कर सकती है। टीम यह देखेगी कि BLO और रिटर्निंग अधिकारी अपने कार्य कैसे कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में 15 करोड़ वोटरों की जांच
उत्तर प्रदेश में BLO अधिकारी 15.44 करोड़ मतदाताओं का डेटा वेरिफाई करेंगे। वे घर-घर जाकर गणना फॉर्म की दो प्रतियां भरवाएंगे — एक फॉर्म अपने पास रखेंगे और दूसरी आयोग को सौंपेंगे। इस दौरान हर BLO को वोटर के घर तीन बार तक जाना पड़ सकता है।
ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा भी
वोटर चाहें तो अपनी जानकारी ऑनलाइन फॉर्म के जरिए भी सत्यापित कर सकते हैं। BLO घर-घर जाकर मतदाताओं से पहचान और पते से जुड़े 13 जरूरी दस्तावेजों की जांच करेंगे।
- बर्थ सर्टिफिकेट
- पासपोर्ट
- मकान, सरकारी जमीन के कागज
- 10वीं या किसी अन्य एग्जाम का सर्टिफिकेट
- मूल निवास प्रमाण-पत्र
- जाति प्रमाण-पत्र
- परिवार रजिस्टर की कॉपी
- सरकारी नौकरी का पहचान पत्र/ पेंशन पेमेंट ऑर्डर
- NRC की एंट्री
- आधार कार्ड से जुड़ा आयोग का दिशा-निर्देश
- 1 जुलाई 1987 से पहले का जारी कोई भी पहचान पत्र
- सरकार की तरफ से जारी जमीन या मकान आवंटन प्रमाणपत्र
वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट 9 दिसंबर से जारी
SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव आयोग 9 दिसंबर को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी करेगा. अंतिम वोटर लिस्ट 7 फरवरी को जारी की जाएगी. बता दें कि इससे पहले साल 2002-04 में SIR किया गया था.इस प्रक्रिया का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र वोटर का नाम वोटर लिस्ट में छूटे नहीं और अपात्र वोटर का नाम लिस्ट में न हो.
Comments are closed.