“बिहार चुनाव में अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग, मुजफ्फरपुर नंबर वन; डिप्टी CM काफिला हमला सुर्खियों में”

3

बिहार में रिकॉर्ड 64.69% मतदान, मुजफ्फरपुर ने किया टॉप; डिप्टी CM के काफिले पर हमला सुर्खियों में

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। छिटपुट घटनाओं के बीच 64.69% मतदान दर्ज किया गया — यह 1952 के बाद का सर्वाधिक प्रतिशत है। चुनाव आयोग के अनुसार, 1998 के लोकसभा चुनाव में 64.66% और 2000 के विधानसभा चुनाव में 62.57% मतदान हुआ था। इस बार दोनों रिकॉर्ड टूट गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि ये प्रारंभिक आंकड़े हैं, जिनमें मामूली बदलाव संभव है।

पटना जिले में औसतन 58.40% मतदान हुआ। ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं में उत्साह रहा, जबकि शहरी क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम वोटिंग हुई। सबसे कम मतदान कुम्हरार (39.57%), बांकीपुर (40.97%) और दीघा (41.4%) में दर्ज हुआ। 2020 के विधानसभा चुनाव (57.29%) और 2024 के लोकसभा चुनाव (56.28%) की तुलना में इस बार 7–8% अधिक मतदान हुआ है।

लखीसराय में तनाव, डिप्टी CM पर हमला चर्चा में
पहले चरण के दौरान लखीसराय में डिप्टी सीएम और भाजपा उम्मीदवार विजय सिन्हा के काफिले पर कथित रूप से पथराव और गोबर फेंकने की घटना सामने आई। उन्होंने राजद समर्थकों पर आरोप लगाते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की। सिन्हा और राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह के बीच तीखी बहस भी हुई।

राजद ने भी चुनाव आयोग पर पक्षपात के आरोप लगाए और कहा कि भाजपा क्षेत्रों में मतदान की गति जानबूझकर धीमी रखी गई, जिसे आयोग ने खारिज कर दिया। सारण जिले के मांझी सीट पर महागठबंधन समर्थित सीपीएम प्रत्याशी डॉ. सत्येंद्र यादव की गाड़ी पर भी उपद्रवियों ने हमला किया। गाड़ी के शीशे टूट गए, हालांकि यादव सुरक्षित हैं।

चुनाव आयोग की हाई-टेक निगरानी
पहली बार सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने आयोग के नियंत्रण कक्ष से मतदान प्रक्रिया की निगरानी की और अधिकारियों से संवाद किया। इस बार अंतरराष्ट्रीय चुनाव आगंतुक कार्यक्रम (IEVP) के तहत छह देशों के 16 विदेशी प्रतिनिधियों ने भी मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया और बिहार चुनाव की पारदर्शिता की सराहना की।

अब नजर दूसरे चरण पर
पहले चरण के बाद सभी दल अब दूसरे चरण की तैयारियों में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार जनसभाएं कर रहे हैं।
दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को और मतगणना 14 नवंबर को होगी।

Comments are closed.