दिल्ली-NCR में प्रदूषण चरम पर: AQI 400 के पार पहुंचा, इंडिया गेट पर आज साफ हवा के लिए जुटेंगे लोग

5

दिल्ली-एनसीआर में हवा दमघोंटू हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न इलाकों में रविवार को हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, राजधानी के विभिन्न इलाकों का एक्यूआई 400 पार कर गया। 9 नवंबर को सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 391 दर्ज किया गया है। वहीं, दिल्ली के आनंद विहार में ‘गंभीर’ श्रेणी में एक्यूआई 412, अलीपुर में 415, अशोक विहार में 416, चांदनी चौक में 409, द्वारका में 383, दिल्ली एयरपोर्ट के आसपास 358, आईटीओ में 420, लोधी रोड में 377, एम्स के पास 421 और जहांगीरपुरी में 433 रिकॉर्ड किया गया है।

कहां कितना है AQI?

क्षेत्र एक्यूआई
आनंद विहार 412
अलीपुर 415
अशोक विहार 416
चांदनी चौक 409
द्वारका 383
दिल्ली एयरपोर्ट 358
आईटीओ 420
लोधी रोड 377
एम्स के पास 421
जहांगीरपुरी 433
गाजियाबाद 421
नोएडा 410
गुरुग्राम 260
फरीदाबाद 275

इसके अलावा गाजियाबाद के वसुंधरा में 421, नोएडा सेक्टर-62 में 410, गुरुग्राम सेक्टर -51 में 260 और फरीदाबाद सेक्टर 11 में 275 दर्ज किया गया है। इससे पहले, शनिवार को दिल्ली देश का दूसरा सर्वाधिक प्रदूषित शहर रहा और रोहतक की हवा सबसे ‘खराब’रिकॉर्ड की गई। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम चार बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 361 दर्ज किया गया था।

साफ हवा के लिए लोग आज होंगे एकजुट
‘बेशक सांस नहीं मगर लड़ने का साहस सही’, ‘प्रदूषण से मचा है हाहाकार-निदान करो सरकार’, ‘बच्चे, बूढ़े और जवां सबको चाहिए साफ हवा…’ कुछ ऐसे ही नारों के साथ प्रदूषण के खिलाफ आज रविवार को इंडिया गेट पर एकजुट होकर लोग शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताएंगे। ‘वारियर माम्स’ और ‘माइ राइट टू ब्रीद’ जैसे नागरिक समूहों के बैनर तले प्रदूषित हवा के खिलाफ ये अभियान चलेगा।

हालांकि, इस विरोध प्रदर्शन को पुलिस की ओर से इजाजत नहीं मिली है, लेकिन इसके बावजूद पूर्व निर्धारित योजना के मुताबिक ही लोग आगे बढ़ने की तैयारी में हैं। इंटरनेट मीडिया पर इसे लेकर हैशटैग ‘हेल्पअसब्रीद’ के साथ अभियान चलाया जा रहा है। मुहिम से जुड़े लोगों की मांग है कि प्रदूषण को लेकर तत्काल कदम उठाए जाएं। सरकार हेल्थ एडवाइजरी जारी करे और प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर कार्रवाई हो।

Comments are closed.