दिल्ली धमाके पर केंद्र गंभीर, अमित शाह करेंगे IB और NIA सहित शीर्ष एजेंसियों के साथ आपात बैठक

2

दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है।

यह बैठक मंगलवार, 11 नवंबर को गृह मंत्रालय में सुबह 9:30 बजे के बाद होगी, जिसकी अध्यक्षता गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) प्रमुख, गृह सचिव, विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), दिल्ली पुलिस आयुक्त, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

बैठक का उद्देश्य आंतरिक सुरक्षा की स्थिति की समीक्षा करना और धमाके से जुड़े सभी पहलुओं पर चर्चा करना है। सूत्रों के अनुसार, जांच में अब तक यह संकेत मिले हैं कि धमाके के तार फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हो सकते हैं और एजेंसियों को फिदायीन हमले की आशंका है।

सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक सफेद हुंडई i20 कार में हुए धमाके में कम से कम 9 लोगों की मौत और 20 के करीब घायल हुए। विस्फोट से आसपास खड़ी गाड़ियों में आग लग गई और इलाके में अफरातफरी मच गई। दिल्ली पुलिस ने मामले में UAPA (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम) सहित हत्या और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एनआईए (NIA) और एनएसजी (NSG) की टीमें जांच में शामिल हो गई हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार रात घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और एजेंसियों को सभी पहलुओं की गहराई से जांच के निर्देश दिए। धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, जयपुर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जबकि केरल और अन्य राज्यों में भी पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Comments are closed.