तगड़े भूकंप के बाद जापान में हड़कंप, 33 घायल; पीएम ने उच्चस्तरीय टास्क फोर्स बनाई

3

जापान में सोमवार देर रात आए 7.5 तीव्रता के भीषण भूकंप ने पूरे देश को दहला दिया। शक्तिशाली झटकों के बाद तटीय इलाकों में सुनामी की लहरें उठीं, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई।

इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 33 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह जानकारी फायर और आपदा प्रबंधन एजेंसी ने साझा की।

प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक इमरजेंसी टास्क फोर्स का गठन किया है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावित लोगों की जान बचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही, क्षेत्र के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा जांच भी तेज कर दी गई है ताकि किसी संभावित खतरे को टाला जा सके।

भूकंप और सुनामी की चेतावनी

रात करीब 11:15 बजे आए भूकंप का केंद्र जापान के होन्शू द्वीप से थोड़ी दूरी पर समुद्र में स्थित था। तेज झटकों के कारण समुद्र में तेजी से उफान आया, जिसके चलते जापान और प्रशांत महासागर के कई देशों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया। जापानी मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, होक्काइडो के उराकावा शहर और आओमोरी के मुत्सु ओगावारा पोर्ट पर 40 सेंटीमीटर ऊंची लहरें दर्ज की गईं।

कई जगहों पर नुकसान की खबरें

आओमोरी के हाचिनोहे शहर में एक होटल में कई लोग घायल हो गए। वहीं, सड़कों के धंसने से लेकर इमारतों के क्षतिग्रस्त होने तक कई भयावह दृश्य सामने आए हैं। राहत और बचाव टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का आकलन कर रही हैं।

Comments are closed.