फुटबॉल के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में शुमार लियोनेल मेसी शुक्रवार को कोलकाता पहुंचे, और उनके आगमन से ‘सिटी ऑफ जॉय’ में जबरदस्त फुटबॉल क्रेज देखने को मिला।
अपने चहेते खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस बैनर-पोस्टर लेकर सड़कों पर उमड़ पड़े। भीड़ का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि सुरक्षा कारणों से मेसी को वैकल्पिक मार्ग से होटल ले जाना पड़ा। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक कड़ी बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल और लगातार गूंजते “मेसी! मेसी!” के नारों के बीच मेसी अपने पुराने क्लब बार्सिलोना के साथी लुईस सुवारेज़ और अर्जेंटीना टीममेट रोद्रिगो डे पॉल के साथ शहर पहुंचे।
एयरपोर्ट पर इंतज़ार, लेकिन नहीं मिली झलक
आधी रात तक हजारों फैंस एयरपोर्ट और होटल के बाहर कतारों में खड़े रहे, लेकिन कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के चलते उन्हें निराशा हाथ लगी। मेसी को तड़के करीब 3:30 बजे एयरपोर्ट से सीधे होटल ले जाया गया और बैक एंट्रेंस से एंट्री कराई गई। इस दौरान बाहर इंतज़ार कर रहे सैकड़ों समर्थक अपने स्टार को देख नहीं सके। निजी Gulfstream V विमान से उतरते वक्त मेसी की झलक सिर्फ कुछ एयरपोर्ट स्टाफ को ही मिल पाई।
हयात रीजेंसी में गूंजे नारे
होटल हयात रीजेंसी की लॉबी देर रात तक “मेसी! मेसी!” के नारों से गूंजती रही। अर्जेंटीना की आसमानी जर्सियों, स्कार्फ और झंडों के बीच बच्चे, परिवार और थके-हारे फैंस घंटों इंतज़ार करते दिखे। मेसी ने कमरे नंबर 730 में चेक-इन किया, जबकि सुरक्षा के मद्देनज़र पूरी सातवीं मंज़िल को सील कर दिया गया।
कई कट्टर समर्थकों ने मेसी के करीब रहने की उम्मीद में होटल में कमरे तक बुक करा लिए।
अगले 72 घंटे बेहद व्यस्त
आने वाले 72 घंटों में मेसी का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। इस दौरान वे कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, उनकी मुलाकात मुख्यमंत्रियों, कॉरपोरेट दिग्गजों, बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी हो सकती है।
Comments are closed.