देश के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। शीतलहर और घने कोहरे की वजह से तापमान तेजी से गिर रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज भी कई राज्यों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है।
IMD के मुताबिक, 13 दिसंबर को कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
मौसम विभाग ने 13 से 15 दिसंबर के बीच उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश भी कोहरे की चपेट में रह सकते हैं।
पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी की चेतावनी
IMD ने पहाड़ी राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बारिश की संभावना है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी से ठंड और बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली-NCR में ठंड के साथ प्रदूषण गंभीर
दिल्ली और आसपास के इलाकों में बढ़ती ठंड के साथ वायु प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। 400 AQI के साथ नोएडा देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं ने दिल्ली-NCR में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में करीब 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
यूपी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 13 से 15 दिसंबर तक शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है, जिससे गलन भरी ठंड महसूस की जा सकती है।
बिहार में बढ़ी सर्दी
बिहार की राजधानी पटना समेत भागलपुर, पूर्णिया, गया और आरा में सुबह घने कोहरे के साथ दिन की शुरुआत हुई। पछुआ हवाओं के कारण राज्य में ठंड में इजाफा हुआ है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, मौसम विभाग ने कई इलाकों में शाम के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना जताई है।
Comments are closed.