दिल्ली-यूपी में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, 131 उड़ानें रद्द; कई राज्यों में बारिश के आसार

1

उत्तर भारत में इस समय कोहरा और शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित किया है।

17 दिसंबर 2025 को अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और ठंडा रहा, जबकि कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे को लेकर चेतावनी दी गई है। कम दृश्यता के चलते यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों—खासकर तमिलनाडु और केरल—में बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश
दिल्ली में शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर, लगभग 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, लेकिन ठंड का असर बना हुआ है। राजधानी में आसमान साफ रहा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।

दक्षिणी उत्तर प्रदेश में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां ठंड और कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम हो गई है।

राजस्थान
राजस्थान में शीतलहर जारी है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में ठंड तीव्र बनी हुई है। कई स्थानों पर तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 17 दिसंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा।
हाल की बर्फबारी के बाद कई सड़कें फिसलन भरी हैं, लेकिन फिलहाल नई बर्फबारी नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 17–18 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

जम्मू-कश्मीर
कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड जारी है। पुलवामा और शोपियां जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस 3 से माइनस 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। बादल छाए रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन ठंड बरकरार है।

ऊपरी इलाकों में 17–18 दिसंबर तक हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है। 21 दिसंबर से शुरू होने वाले चिल्लई कलां से पहले 20–21 दिसंबर को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

कोहरे को लेकर इंडिगो की चेतावनी
उत्तर और पूर्वी भारत में घने कोहरे को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जारी बयान में एयरलाइन ने कहा कि सर्दियों के धुंध भरे मौसम के कारण दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सुबह के शुरुआती घंटों में उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। सुरक्षा कारणों से कुछ उड़ानों में देरी या समय में बदलाव संभव है।

कोहरे से विमान सेवाएं प्रभावित
घने कोहरे के कारण राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार दूसरे दिन हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक 131 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि 400 से अधिक उड़ानें विलंबित रहीं।

कम दृश्यता के चलते अन्य शहरों से दिल्ली आ रही 15 से अधिक उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे नजदीकी हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट किया गया। इस दौरान रनवे पर दृश्यता घटकर 50 मीटर तक पहुंच गई, जबकि कई बार यह शून्य के करीब दर्ज की गई।

Comments are closed.