बिहार में राबड़ी देवी के सरकारी आवास से सामान हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार देर रात पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पर छोटी गाड़ियां पहुंचीं, जिनके जरिए छोटे घरेलू सामान और पौधों को बाहर निकाला गया।
सूत्रों के मुताबिक, सामान को गोला रोड स्थित गौशाला में शिफ्ट किया गया है, जहां से इसे आगे किसी अन्य स्थान पर भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि देर रात कई चक्कर लगाकर गाड़ियों के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी की गई। सामान शिफ्ट किए जाने की यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई है जब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दिल्ली में हैं, जबकि तेजस्वी यादव भी फिलहाल पटना से बाहर हैं। फिलहाल आरजेडी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एक महीने पहले मिला था नोटिस
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बाद राज्य में एनडीए ने दोबारा सरकार बनाई है। इसके बाद लालू परिवार को करीब 20 साल बाद सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया गया। 25 नवंबर को बिहार भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को यह नोटिस जारी किया था।
चुनाव के बाद परिवार में खींचतान की चर्चा
चुनाव परिणाम आने के बाद लालू परिवार में आंतरिक मतभेद की खबरें भी सामने आई थीं। इसी दौरान रोहिणी आचार्य के राबड़ी आवास छोड़ने को लेकर चर्चा हुई थी। वहीं, तेज प्रताप यादव को विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टी और परिवार से अलग किए जाने की घोषणा हो चुकी थी।
राबड़ी आवास से देर रात सामान हटाए जाने की इस गतिविधि को नोटिस के बाद की शुरुआती कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का अभी इंतजार है।
Comments are closed.