दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर खतरनाक श्रेणी में पहुंच गया है।
शनिवार सुबह 6 बजे राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बेहद खराब’ दर्ज किया गया। कुछ क्षेत्रों में AQI 400 के पार पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से गंभीर जोखिम माना जाता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, विवेक विहार में AQI 424 के साथ सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया। इसके अलावा आनंद विहार (410), जहांगीरपुरी (417), नरेला (413), रोहिणी (410), बवाना (404) और डीटीयू (404) जैसे इलाकों में भी हालात बेहद खराब बने हुए हैं। वहीं, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर AQI 252 रिकॉर्ड किया गया, जो राजधानी में अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन यह भी सुरक्षित स्तर से काफी ऊपर है।
दिल्ली के बाहर भी हवा की गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार सुबह AQI 178 दर्ज किया गया, जबकि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में AQI 60 से ऊपर रहा। साफ हवा की तलाश में पहाड़ी राज्यों की ओर जाने वालों को वहां भी पूरी राहत नहीं मिल पा रही है।
अगले कुछ दिन भी खराब हालात
शनिवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 353 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (AQEWS) ने संकेत दिया है कि अगले पांच दिनों तक वायु गुणवत्ता में खास सुधार की संभावना नहीं है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, इस स्तर के प्रदूषण में बाहर निकलना नुकसानदायक हो सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खांसी, आंखों में जलन या सांस लेने में तकलीफ बढ़ने पर डॉक्टर से संपर्क करने को कहा गया है।
मौसम और प्रदूषण
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल हवा की औसत गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम बनी हुई है, जिससे प्रदूषक तत्व वातावरण में फंसे हुए हैं। विभाग ने दिल्ली में अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है।
ठंड और कोहरे के चलते प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो गई है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 से 28 दिसंबर के बीच दिल्ली-एनसीआर में मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान आर्द्रता 90 से 95 प्रतिशत तक रहने की संभावना है, जिससे स्मॉग और घना हो सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन हालात सामान्य नहीं कहे जा सकते।
Comments are closed.