मेरिका में भारतीय युवती पर चाकू से हमला, आरोपी एक्स बॉयफ्रेंड भारत फरार

1

अमेरिका में नववर्ष की पूर्व संध्या से लापता 27 वर्षीय भारतीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मैरीलैंड के एलिकॉट सिटी में रहने वाली निकिता गोदिशाला अपने पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में मृत पाई गईं। उनके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे।

निकिता पेशे से डेटा और स्ट्रैटेजी एनालिस्ट थीं और उन्हें आखिरी बार 31 दिसंबर को देखा गया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि हत्या के इस मामले में पूर्व प्रेमी अर्जुन शर्मा मुख्य संदिग्ध है, जिसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, अर्जुन शर्मा ने 2 जनवरी को निकिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को मैरीलैंड स्थित अपने अपार्टमेंट में देखा था।

इसके बाद 3 जनवरी को पुलिस ने तलाशी वारंट के तहत शर्मा के अपार्टमेंट में छापा मारा, जहां निकिता का शव बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद अर्जुन शर्मा उसी दिन विमान से भारत के लिए रवाना हो गया। पुलिस का अनुमान है कि उसने 31 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे के बाद निकिता की हत्या की।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह निकिता गोदिशाला के परिवार के संपर्क में है और उन्हें आवश्यक कांसुलर सहायता प्रदान की जा रही है। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मामले में स्थानीय अमेरिकी अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय में है।

Comments are closed.