कड़ाके की ठंड के बीच दिल्ली-NCR में बारिश, ठिठुरन और बढ़ेगी; सप्ताहभर रहेगा खराब मौसम

2

राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बना हुआ है।

शुक्रवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड और गलन में और इजाफा हो गया। महामाया फ्लाईओवर, अक्षरधाम, नोएडा सहित कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। आसमान में बादल छाए रहने के कारण तापमान गिरकर करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बीते कई दिनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के राज्यों में भीषण सर्दी पड़ रही है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर में इस मौसम का तीसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे बना रहा।

प्रदूषण में मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के चलते हवा में प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि शीतलहर के कारण ठंड से राहत की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।

घने कोहरे को लेकर चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक घने कोहरे की आशंका जताई है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, मध्य भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भी अगले 2 से 3 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

शीतलहर और कोल्ड डे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार में कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में अगले 2 से 3 दिनों तक शीतलहर का प्रभाव देखा जा सकता है, जिससे तापमान सामान्य से काफी नीचे चला जाएगा।

पहाड़ी राज्यों में जमी बर्फ
जम्मू-कश्मीर में डल झील समेत कई जलाशयों का पानी जम गया है। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। गुरुवार को श्रीनगर सहित कई जगहों पर इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तेज बारिश को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

Comments are closed.