जयपुर की पत्रकार कॉलोनी में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला।
खराबास सर्किल के पास एक तेज रफ्तार ऑडी कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े लोगों व खाने की ठेलों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। इस भीषण हादसे में कुल 16 लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई।
ओवरस्पीड ऑडी ने मचाया तांडव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑडी कार काफी तेज गति में थी। डिवाइडर से टकराने के बाद कार पूरी तरह बेकाबू हो गई और करीब 30 मीटर तक सड़क किनारे लगे एक दर्जन से अधिक ठेलों को टक्कर मारती चली गई। ठेलों के पास बैठे और खड़े लोग अचानक इसकी चपेट में आ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मुहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑडी कार को जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि कार दमन और दीव नंबर की है। मामले की जांच जारी है।
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल 16 लोगों में से आठ का इलाज जयपुरिया अस्पताल में किया गया। चार घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल 3 से 4 लोगों को जयपुरिया अस्पताल और एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत
पुलिस ने हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। जयपुरिया अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश बैरवा ने दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती घायलों में पारस मोदी, मृदुल लुहार, राकेश, राजेन्द्र खारोल, रमेश बैरवा, दीपक, हेमराज, मोहरी लाल मीणा, रवि जैन, प्रकाश, आशीष, दीवान, राजेश, देशराज और चमन जैन शामिल हैं।
कार सवारों में मची अफरातफरी
हादसे के समय ऑडी कार में ड्राइवर समेत चार लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि दो अन्य को मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पत्रकार कॉलोनी में हुए हादसे को गंभीरता से लेते हुए जयपुर प्रशासन और अस्पताल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री वर्तमान में जोधपुर दौरे पर हैं। उनके निर्देश पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने पहले जयपुरिया अस्पताल और बाद में ट्रोमा सेंटर पहुंचकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
डिप्टी सीएम और जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे
डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भी घटनास्थल का दौरा कर पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली और बाद में अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की। घटना की जानकारी मिलते ही विधायक गोपाल शर्मा और सीएमओ के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Comments are closed.