दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत देश के बड़े हिस्से इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में हैं।
हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में हाथ को हाथ सूझ नहीं रहा। कंपकंपा देने वाली ठंड की वजह से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। शनिवार, 10 जनवरी को भी यही हाल बने रहने की संभावना है, जबकि कुछ राज्यों में बारिश लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने 10 जनवरी के लिए चार राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर और पूर्वी भारत के 29 शहरों में खतरनाक शीतलहर के हालात बने रहने का अनुमान है।
इन 4 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विभाग के अनुसार, 10 जनवरी को तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। बारिश के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और तेज होगा।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को बहुत घने कोहरे की आशंका जताई है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत 16 राज्यों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार में बेहद घने कोहरे के खतरे को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सर्दी और कोहरे के कारण कई इलाकों में लोग रैन बसेरों में शरण लेते नजर आ रहे हैं।
10 जनवरी को यूपी का मौसम
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच मौसम और बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी की सुबह कई जिलों में घना कोहरा, बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अलीगढ़ और मथुरा में ओले गिरने की संभावना है। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी शून्य के करीब रह सकती है।
बिहार और बंगाल में भी कोहरे का कहर
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा मध्य भारत, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी अगले 2 से 3 दिनों तक कोहरा बना रह सकता है।
इन राज्यों में चलेगी शीतलहर
घने कोहरे के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में शीतलहर चलने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 10-11 जनवरी
उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में 10 जनवरी
राजस्थान में 11 से 14 जनवरी के दौरान
शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।
शीत दिवस का भी खतरा
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों तक शीत दिवस (कोल्ड डे) जैसी स्थिति रहने की संभावना जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में दबाव का असर
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जनवरी की रात 11:30 बजे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक गहरा दबाव दर्ज किया गया। यह पिछले छह घंटों में करीब 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है। इसके अगले कुछ घंटों में कमजोर पड़ने की संभावना है और 10 जनवरी की दोपहर तक यह त्रिंकोमाली और जाफना के बीच उत्तरी श्रीलंका के तट को निम्न दबाव के रूप में पार कर सकता है।
Comments are closed.