खामेनेई सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में ट्रक घुसने से कई लोग घायल, अमेरिका में घटना

3

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में ईरान की खामेनेई सरकार के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है।

ईरानी प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जुटी भीड़ के बीच एक व्यक्ति ने ट्रक घुसा दिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। अचानक हुई इस घटना के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार में प्रदर्शन स्थल की ओर बढ़ा। घटना के तुरंत बाद कुछ लोगों ने वाहन का पीछा करने की कोशिश भी की। हालांकि, अब तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटनास्थल का हाल

बताया जा रहा है कि यह एक यू-हॉल कंपनी का ट्रक था, जिसके साइड मिरर टूटे हुए पाए गए। ट्रक घटनास्थल से कुछ ब्लॉक आगे जाकर रुका, जिसके बाद पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और वाहन को घेर लिया गया।
फिलहाल, ड्राइवर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है।

लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि पैरामेडिक्स टीम ने मौके पर दो लोगों की चिकित्सीय जांच की, लेकिन दोनों ने किसी भी तरह के इलाज से इनकार कर दिया।

किस उद्देश्य से हो रहा था प्रदर्शन

यह घटना उस समय हुई जब सैकड़ों लोग ईरान में धार्मिक शासन के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन में एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे ईरानी नागरिकों के साथ एकजुटता दिखाने और लोकतांत्रिक अधिकारों व आर्थिक न्याय की मांग को समर्थन देने के लिए जमा हुए थे।

ईरान में विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि

ईरान में विरोध प्रदर्शनों का सिलसिला लगातार जारी है। वर्ष 2022 के बाद यह सबसे बड़ा जनआंदोलन माना जा रहा है, जिसकी शुरुआत बढ़ती महंगाई और खराब आर्थिक हालात के विरोध से हुई थी। बाद में कई इलाकों में यह आंदोलन हिंसक झड़पों में बदल गया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन घटनाओं में अब तक 500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Comments are closed.