पश्चिम विहार में रोहित खत्री की जिम को बनाया निशाना, फायरिंग के बाद सनसनी

4

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक जिम पर हुई फायरिंग की घटना को लेकर बड़ा दावा सामने आया है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे रणदीप मलिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस वारदात की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में जिम मालिक रोहित खत्री का नाम लेते हुए धमकी देने का भी आरोप है। सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में दावा किया गया है कि पश्चिम विहार स्थित आरके फिटनेस जिम पर फायरिंग रणदीप मलिक और अनिल पंडित (अमेरिका) के निर्देश पर करवाई गई। पोस्ट के मुताबिक, जिम मालिक द्वारा फोन कॉल नजरअंदाज किए जाने के बाद यह हमला किया गया।

पोस्ट में आगे चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में कॉल को अनदेखा किया गया, तो इसके और गंभीर नतीजे हो सकते हैं। संदेश में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का समर्थक बताते हुए कई अन्य गैंग्स का भी जिक्र किया गया है।

कई गैंग्स के नाम शामिल

पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के साथ-साथ जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, हाशिम बाबा ग्रुप और काला राणा ग्रुप का नाम भी लिया गया है। पोस्ट की भाषा को पुलिस बेहद आक्रामक और धमकीपूर्ण मान रही है।

पुलिस जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने फायरिंग की घटना और सोशल मीडिया पर किए गए दावे—दोनों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट किस अकाउंट से की गई, उसकी प्रामाणिकता क्या है और फायरिंग में शामिल आरोपियों की पहचान कौन-कौन हैं।

अमेरिका में गैंगवार का जिक्र

इसी बीच, हाल ही में अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो गैंगस्टरों की मौत की खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह घटना भारतीय मूल के गैंगस्टरों के बीच हुई गैंगवार के दौरान हुई। विरोधी गैंग बलजोत और जस्सा ने इस वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है और आगे धमकियां भी दी हैं।

फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और घटनाओं के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।

Comments are closed.