मेरठ में स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार चलाए जाने का बड़ा मामला सामने आया है।
पुलिस ने जाल बिछाकर एक साथ चार स्पा सेंटरों पर छापा मारते हुए 20 महिलाओं को हिरासत में लिया है। हिरासत में ली गई महिलाओं में चार सेंटरों की संचालिकाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने एक युवक को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस को कैसे मिली जानकारी?
मेरठ पुलिस को काफी समय से शहर के कुछ स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के निर्देश पर सीओ सिविल लाइंस के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। गुप्त रूप से रेकी कराई गई और मुखबिर से मिली सूचना की पुष्टि होने के बाद एक साथ कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
इन स्पा सेंटरों पर हुई छापेमारी
पुलिस ने नंदिनी प्लाजा स्थित मेरठ स्किन सॉल्यूशन, मंगल पांडे नगर के ए-वन फैब स्टूडियो फैमिली सैलून, रोज वाटर विला सेंटर और दिल्ली रोड स्थित युवा फैमिली सैलून यूनिसेक्स पर छापा मारा। चारों स्थानों से 20 महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जिनमें चार सेंटरों की संचालिकाएं शामिल हैं।
क्या-क्या बरामद हुआ?
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री, रजिस्टर और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन की जांच में आपत्तिजनक वीडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि ग्राहकों को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर बुलाया जाता था।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
मेरठ में इससे पहले भी स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध गतिविधियों के कई मामले सामने आ चुके हैं। लगातार कार्रवाई के बावजूद ऐसे नेटवर्क सक्रिय बने हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
Comments are closed.