कोल्ड वेव अलर्ट: उत्तर भारत में ठंड तेज, पंजाब में तापमान शून्य पर

3

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप शुक्रवार को भी जारी रहा। कश्मीर से लेकर राजस्थान तक कई इलाकों में रात का तापमान शून्य के आसपास या उससे नीचे दर्ज किया गया।

पंजाब के एसबीएस नगर (नवांशहर) जिले का बल्लोवाल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री कम है और इस सीजन में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट मानी जा रही है।

पंजाब-हरियाणा में शीतलहर तेज
पंजाब के सात जिलों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। गुरदासपुर में 2.7, बठिंडा में 3.0 और अमृतसर में 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा में भिवानी 1.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा जिला रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 5.8, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हो गई।

राजस्थान में भी नहीं मिली राहत
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का असर बरकरार है। अलवर, नागौर, फतेहपुर और करौली सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान लगभग तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में मामूली राहत, कोहरे का अलर्ट
लगातार पांच दिनों की शीतलहर के बाद शुक्रवार को दिल्ली के तापमान में हल्का सुधार देखा गया। दिन में धूप निकलने से ठंड से कुछ राहत मिली, हालांकि सुबह मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा।
आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता घटकर 150 मीटर रह गई। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए मध्यम से घने कोहरे और आंशिक बादलों का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

कश्मीर में बर्फबारी से ठंड बढ़ी
चिल्ले कलां के दौरान कश्मीर घाटी में शीतलहर ने फिर जोर पकड़ लिया। सोनमर्ग सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5, पहलगाम में माइनस 2.6 और गुलमर्ग में माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 4.7 और कटड़ा में 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है, जबकि कई जगह शीतलहर और शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी तथा निचले इलाकों में बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में हल्का हिमपात
हिमाचल प्रदेश में रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और कुंजम दर्रे में हल्का हिमपात हुआ। कई इलाकों में बादल छाए रहे, हालांकि अधिकांश स्थानों पर वर्षा नहीं हुई। शुक्रवार शाम ऊंची चोटियों, दारचा घाटी, मयाड़ और कोकसर घाटी में भी हिमपात दर्ज किया गया, जिससे लाहुल-स्पीति और मनाली में बर्फबारी की उम्मीद बढ़ गई है।

Comments are closed.