अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और इसी वजह से उनके अपने सहयोगी देशों से भी रिश्तों में तनाव बढ़ता दिख रहा है।
ग्रीनलैंड में प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल डिफेंस सिस्टम को लेकर ट्रंप और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। ट्रंप प्रशासन ग्रीनलैंड में इस मिसाइल रक्षा प्रणाली को स्थापित करना चाहता है, लेकिन कनाडा समेत कई यूरोपीय देशों ने इस योजना का विरोध किया है। इस पर नाराज़गी जताते हुए ट्रंप ने कनाडा को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ओटावा अमेरिका की बजाय चीन के साथ अपने आर्थिक संबंध मजबूत करता है, तो बीजिंग उसे एक साल के भीतर ही “निगल” सकता है।
चीन के साथ बढ़ते रिश्तों से नाराज़ अमेरिका
हाल ही में स्विट्ज़रलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान कनाडा ने चीन के साथ एक बड़े व्यापार समझौते का ऐलान किया था। इसी मंच पर कनाडा ने ट्रंप की मिसाइल रक्षा योजना पर भी सवाल उठाए। 17 जनवरी को प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने औपचारिक रूप से इस नए व्यापार समझौते की घोषणा की।
7 अरब डॉलर के निर्यात बाजार खोलने का दावा
प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा कि चीन के साथ हुए इस समझौते से कनाडाई व्यवसायों और श्रमिकों को बड़ा लाभ मिलेगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा,
“हमने चीन के साथ एक नया व्यापार समझौता किया है, जिससे कनाडा के श्रमिकों और व्यवसायों के लिए 7 अरब डॉलर से अधिक के निर्यात बाजार खुलेंगे।”
‘गोल्डन डोम’ कनाडा की भी करेगा सुरक्षा: ट्रंप
कनाडा और चीन के बीच बढ़ती नजदीकी को लेकर ट्रंप और भड़क गए। उन्होंने दावा किया कि ग्रीनलैंड में प्रस्तावित ‘गोल्डन डोम’ केवल अमेरिका की ही नहीं, बल्कि कनाडा की भी रक्षा करेगा। इसके बावजूद कनाडा द्वारा चीन को अमेरिका से अधिक “भरोसेमंद” साझेदार बताने पर ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
ट्रुथ सोशल पर दी तीखी चेतावनी
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा,
“कनाडा ग्रीनलैंड में गोल्डन डोम लगाने का विरोध कर रहा है, जबकि यह सिस्टम कनाडा की रक्षा करेगा। इसके बावजूद कनाडा चीन के साथ व्यापार के पक्ष में खड़ा है, जो उन्हें एक साल के भीतर ही हड़प लेगा।”
WEF मंच से भी साधा निशाना
इससे पहले वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के 56वें वार्षिक सम्मेलन में अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री कार्नी पर निशाना साधते हुए कहा कि कनाडा को सुरक्षा सहित अमेरिका से मिलने वाली “मुफ्त सुविधाओं” के लिए ज्यादा आभारी होना चाहिए। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि ‘गोल्डन डोम’ मिसाइल रक्षा प्रणाली कनाडा को भी सुरक्षा कवच प्रदान करेगी।
Comments are closed.