उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है और ठंड का असर तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान समेत मैदानी इलाकों में शीतलहर का दौर फिर से शुरू हो गया है।
दिल्ली में तापमान में तेज गिरावट देखी गई है। शनिवार को शुक्रवार के मुकाबले न्यूनतम तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। रविवार सुबह 5:30 बजे राजधानी में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले दिन से भी कम है।
दिल्ली में ठंड और बढ़ेगी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 25 जनवरी को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर भी शीतलहर का असर जारी रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।
27 जनवरी को बारिश के आसार
IMD के मुताबिक, 27 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलेगा। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बादल छाने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। सुबह और शाम दोनों समय बारिश के दौर हो सकते हैं। इसके बाद मौसम में स्थिरता आने की उम्मीद है।
पहाड़ों पर बर्फबारी, सड़कें बंद
उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई प्रमुख सड़कें लगातार दूसरे दिन भी बंद रहीं, जिससे यातायात और जरूरी सामान की आवाजाही पर असर पड़ा है।
जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। सोनमर्ग में तापमान शून्य से 10.5 डिग्री और श्रीनगर में शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। घाटी में इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ का दौर जारी है, जिसे सबसे कड़ाके की सर्दी का समय माना जाता है।
बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शनिवार को लगातार दूसरे दिन बंद रहा। 270 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर फंसे सैकड़ों यात्रियों को सेना, पुलिस और प्रशासन की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
हिमाचल और राजस्थान में हालात
मौसम विभाग ने 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। कई जिलों के लिए घने कोहरे और शीतलहर को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। राज्य में बर्फबारी के चलते दो राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 680 से अधिक सड़कें बंद रहीं और 5,775 ट्रांसफॉर्मर प्रभावित होने से हजारों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
राजस्थान में भी ठंड ने जोर पकड़ लिया है। बीकानेर के लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री और जयपुर में 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों का हाल
पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का असर तेज है। बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री और संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
IMD ने तमिलनाडु में शनिवार और रविवार को तथा केरल में 26 जनवरी को गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, गुजरात में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में 25 और 26 जनवरी को घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
Comments are closed.