दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में मंगलवार को बारिश का सिलसिला देखने को मिला।
कई इलाकों में घने बादलों के साथ तेज गड़गड़ाहट और बिजली चमकने से लोगों में दहशत का माहौल रहा। राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के वीडियो भी सामने आए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमोत्तर भारत के कई हिस्सों में आज भी बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि दिल्ली में आज बारिश की संभावना कम बताई गई है, जबकि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 30 जनवरी की रात उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है और दिल्ली में भी बारिश की संभावना बन सकती है।
दिल्ली का मौसम
28 से 31 जनवरी तक दिल्ली में लगातार बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय धुंध बनी रह सकती है। 1 फरवरी को सुबह के वक्त हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज और अगले दो दिनों तक बारिश के आसार हैं। 50 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बागपत, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से लेकर लखनऊ, कानपुर और उन्नाव तक बारिश की चेतावनी दी गई है। संभल और मुरादाबाद में पहले ही ओलावृष्टि देखी जा चुकी है।
तापमान और ठंड का हाल
दिल्ली में बारिश और बादलों के बावजूद ठंड में थोड़ी राहत दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि 31 जनवरी तक तापमान में फिर गिरावट आ सकती है और न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री तक पहुंच सकता है। 1 फरवरी से दोबारा न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
कोहरा और शीतलहर का अलर्ट
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 जनवरी तक कोहरा और शीतलहर का अलर्ट है।
उत्तराखंड में 29 और 30 जनवरी को, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तरी मध्य प्रदेश में 28 और 29 जनवरी को सुबह और रात के वक्त घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 जनवरी के बीच शीतलहर चलने की संभावना है।
पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के आसार हैं। हिमाचल में कुल्लू, मनाली और शिमला में बर्फ गिरने की संभावना है। उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ समेत चारधाम क्षेत्र में हिमपात जारी है, जबकि चकराता, चोपता और औली जैसे इलाकों में भी बर्फबारी हो रही है।
Comments are closed.