पाकिस्तान की सोशल मीडिया स्टार अलीना आमिर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कथित प्राइवेट वीडियो को AI से बनाया गया डीपफेक बताया है।
अलीना ने कहा कि बिना किसी सत्यापन के लोगों ने वीडियो को ट्रेंड करा दिया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। अलीना आमिर ने इस पूरे मामले पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि यह घटना तकनीक के दुरुपयोग और महिलाओं को बदनाम करने की मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज से इस मामले में हस्तक्षेप करने और वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
“वीडियो पूरी तरह फर्जी है”
अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी बयान में अलीना ने कहा,
“मैं एक हफ्ते से इस मामले को देख रही थी। जब ‘अलीना आमिर लीक वीडियो’ के नाम से सैकड़ों पोस्ट दिखे, तब लगा कि सच्चाई सामने लाना ज़रूरी है। यह वीडियो पूरी तरह फर्जी और डीपफेक है।”
उन्होंने कहा कि लोग यह जाने बिना कि वीडियो असली है या नहीं, उसे शेयर कर देते हैं, जिससे किसी भी महिला की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।
साइबर क्राइम पर कार्रवाई की मांग
अलीना आमिर ने कहा कि पंजाब साइबर क्राइम डिपार्टमेंट महिलाओं से जुड़े मामलों में सख्ती करता है और उन्हें उम्मीद है कि इस मामले में भी दोषियों को सज़ा मिलेगी। उन्होंने कहा कि AI के जरिए फर्जी वीडियो बनाकर महिलाओं का उत्पीड़न एक गंभीर अपराध है, जिस पर कड़ा कदम उठाया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय चेहरा
अलीना आमिर सोशल मीडिया पर काफ़ी लोकप्रिय हैं और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। वह नियमित रूप से वीडियो कंटेंट शेयर करती हैं। इस बार वह करीब 5 मिनट 24 सेकंड के कथित फर्जी वीडियो को लेकर चर्चा में आई हैं। अलीना आमिर पाकिस्तान के लाहौर शहर की रहने वाली हैं।
Comments are closed.