कोलंबिया में एक और विमान हादसा सामने आया है। एक कोलंबियाई सांसद समेत 15 लोगों को ले जा रहा ट्विन-प्रोपेलर विमान बुधवार, 28 जनवरी को वेनेजुएला सीमा के पास पहाड़ी इलाके में क्रैश हो गया, जिसमें विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की मौत हो गई।
यह विमान कोलंबिया के सीमावर्ती शहर कुकुटा से उड़ान भरकर ओकाना जा रहा था। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 5 बजे (1700 GMT) लैंडिंग से कुछ समय पहले विमान का हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) से संपर्क टूट गया, जिसके बाद यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
विमान में कुल 13 यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे। उड़ान की अनुमानित अवधि 23 मिनट थी। विमान को कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन सैटेना (Satena) संचालित कर रही थी।
कोलंबियाई विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी AFP से कहा, “इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है।” दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
अब तक 7 शव बरामद
सरकार ने तलाशी और राहत कार्य के लिए वायु सेना को तैनात किया है। हादसे का इलाका एंडीज पर्वत की पूर्वी सीमा पर स्थित है, जहां भौगोलिक परिस्थितियां कठिन हैं और मौसम तेजी से बदलता है। आसपास के कुछ ग्रामीण इलाके नेशनल लिबरेशन आर्मी (ELN) के प्रभाव क्षेत्र में आते हैं।
नॉर्थ सेंटेंडर राज्य के गवर्नर विलियम विलामिजार ने बताया कि अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं।
सांसद और उम्मीदवार की मौत
मृतकों में कोलंबिया के चैंबर ऑफ डेप्युटीज के सदस्य, 36 वर्षीय सांसद डायोजनीज क्विंटेरो और आगामी चुनावों के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो शामिल हैं।
राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने एक्स पर शोक जताते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता में खड़े हैं।
हालिया दूसरा विमान हादसा
इससे पहले 11 जनवरी को राजधानी बोगोटा में एक चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई थी।
Comments are closed.