सुनेत्रा पवार ने आज महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी (अजित) ने पार्टी की कमान सुनेत्रा पवार को सौंपने का फैसला किया था। सुनेत्रा ने मराठी भाषा में पद और गोपनीयता की शपथ ली। जैसे ही सुनेत्रा ने शपथ पूरी की, लोकभवन में मौजूद समर्थकों ने ‘अजित दादा अमर रहें’ और ‘अजित पवार अमर रहें’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। शपथ ग्रहण के बाद जब तक सुनेत्रा पवार ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर पूरे नहीं किए, तब तक नारेबाजी जारी रही।
शपथ के बाद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हाथ जोड़कर सुनेत्रा पवार का अभिवादन किया। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनसे संक्षिप्त बातचीत की, जिसके बाद सुनेत्रा अन्य नेताओं के साथ राज्यपाल आचार्य देवव्रत को विदा करने नीचे उतरीं। सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शपथ दिलाई। नारेबाजी के दौरान समर्थकों ने ‘सुनेत्रा तुम आगे बढ़ो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे भी लगाए।
गौरतलब है कि बुधवार को अजित पवार का एक विमान हादसे में निधन हो गया था। वह 66 वर्ष के थे। अजित पवार बारामती में पार्टी की एक सभा को संबोधित करने जा रहे थे, तभी विमान रनवे से पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
अजित पवार के निधन के बाद शुक्रवार को हुई एनसीपी (अजित) की आपात बैठक में सुनेत्रा पवार को डिप्टी सीएम बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया था। पार्टी नेताओं की सहमति के बाद सुनेत्रा ने यह जिम्मेदारी स्वीकार की। इसके बाद आज उन्होंने औपचारिक रूप से उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के लिए सुनेत्रा पवार शुक्रवार देर रात पुणे से मुंबई पहुंची थीं।
Comments are closed.