‘सिंघम’ फेम रोहित शेट्टी के घर के बाहर गोलीबारी, पुलिस जांच में जुटी

2

फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास के बाहर शनिवार देर रात गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी उपनगर जुहू में स्थित उनके घर के बाहर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना तड़के हुई, जिसके बाद एहतियात के तौर पर भवन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना के समय रोहित शेट्टी अपने आवास पर मौजूद थे या नहीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने भवन की ओर चार राउंड फायरिंग की। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलते ही जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Comments are closed.