अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की पत्नी जिल बाइडेन के पहले पति पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है। यह घटना दिसंबर के अंत में डेलावेयर स्थित उनके घर में हुई थी। अधिकारियों ने मंगलवार को एक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।
आरोपी की पहचान 77 वर्षीय विलियम स्टीवेंसन के रूप में हुई है, जो विलमिंगटन का निवासी है। स्टीवेंसन की जिल बाइडेन से शादी 1970 से 1975 तक चली थी। इसके बाद जिल बाइडेन ने वर्ष 1977 में तत्कालीन अमेरिकी सीनेटर जो बाइडेन से विवाह किया था।
जमानत न मिलने पर जेल में आरोपी
डेलावेयर अटॉर्नी जनरल की प्रवक्ता कैरोलिन हैरिसन ने फोन पर पुष्टि की कि स्टीवेंसन ही जिल बाइडेन के पूर्व पति हैं। वहीं पूर्व राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी के कार्यालय की ओर से जारी ईमेल बयान में कहा गया कि जिल बाइडेन इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेंगी।
सोमवार को स्टीवेंसन को फर्स्ट-डिग्री मर्डर के आरोप में गिरफ्तार किया गया। 5 लाख डॉलर की जमानत राशि न दे पाने के कारण वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
क्या है मामला
जांच एजेंसियों के अनुसार, घटना वाली रात करीब 11 बजे स्टीवेंसन और उनकी पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस को घर बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को लिविंग रूम में एक महिला बेहोशी की हालत में मिली। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।
डेलावेयर डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस के जासूसों ने कई हफ्तों की जांच के बाद ग्रैंड जूरी के जरिए स्टीवेंसन के खिलाफ औपचारिक आरोप तय किए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी की ओर से कोई वकील नियुक्त किया गया है या नहीं। गौरतलब है कि स्टीवेंसन ने 1970 के दशक की शुरुआत में नेवार्क में ‘स्टोन बैलून’ नाम से एक लोकप्रिय म्यूजिक वेन्यू की स्थापना की थी।
Comments are closed.